होमगार्ड्स लिखित परीक्षा 2025 सोनभद्र में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम, प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद

सोनभद्र (विकास द्विवेदी) जनपद में 25, 26 एवं 27 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली होमगार्ड्स लिखित परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है और हर स्तर पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
इसी क्रम में गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों, स्ट्रॉन्ग रूम तथा पूरे परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लिया।अधिकारियों द्वारा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की बारीकी से जांच की गई और निर्देश दिया गया कि सभी कैमरे लगातार सक्रिय रहे। जिससे परीक्षा की हर गतिविधि पर सतत निगरानी सुनिश्चित की जा सके। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास मार्ग, तलाशी व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण तथा यातायात प्रबंधन को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। प्रशासन के अनुसार परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता रोकने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा कर्मियों के साथ-साथ स्टैटिक मजिस्ट्रेट भी तैनात रहेंगे। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए खुफिया तंत्र को भी सक्रिय किया गया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अफवाह या अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने कहा कि सभी केंद्र व्यवस्थापकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संचालित हो। जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से भी अपील की है कि वे परीक्षा से संबंधित सभी निर्देशों का पालन करें, समय से केंद्र पर पहुंचे और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न हो।



