अनपरा डी में हो रहा श्रम कानूनों का उल्लंघन
श्रम बंधु दिनकर के पत्र पर डीएलसी ने 21 मार्च को बुलाई वार्ता
अनपरा,सोनभद्र। अनपरा डी में श्रम कानूनों के हो रहे उल्लंघन और ठेका मजदूरों को न्यूनतम बुनियादी सुविधाएं न देने के खिलाफ श्रम बंधु दिनकर कपूर ने आज उपश्रमायुक्त मिर्जापुर क्षेत्र पंकज सिंह राणा से मुलाकात कर पत्रक दिया. जिस पर उपश्रमायुक्त ने अनपरा के मुख्य महाप्रबंधक को पत्र भेज सभी अभिलेखों के साथ 21 मार्च को अपने कार्यालय में तलब किया है. प्रेस को जारी अपनी विज्ञप्ति में श्रम बंधु दिनकर कपूर ने बताया कि कल अनपरा औद्योगिक क्षेत्र में किए दौरे के दौरान अनपरा डी में कार्यरत ठेका मजदूरों ने बताया था कि वहाँ कानून में मिली हुई बुनियादी सुविधाएं भी कंपनी नहीं दे रही है. मजदूरों ने बताया कि जब पूरे देश में सरकार द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है और शौचालय का निर्माण कराया जा रहा हो तब भी अनपरा डी के पूरे प्लांट में महिलाओं के लिए शौचालय नहीं है. मजदूरों को वेतन पर्ची नहीं दी जाती और ओवरटाइम का दुगना मजदूरी भुगतान नहीं किया जाता है. मजदूरों ने यह भी बताया की प्लांट की कैंटीन में सब्सिडी युक्त खाना देने की जगह मजदूरों से बाजार दर पर पैसा लिया जाता है. खाने का रेट ₹70 थाली है जो मजदूरों के लिए दे पाना संभव नहीं है. हालत इतनी बुरी है कि शिफ्ट ड्यूटी करने वाले मजदूरों को ड्यूटी के दौरान लंच ब्रेक नहीं दिया जाता. यहां तक की मजदूरों को बैठने की भी सुविधा नहीं है और कोई रेस्ट रूम प्रबंधन व संविदाकार द्वारा नहीं बनाया गया है. कंपनी में फर्स्ट एड की भी सुविधा नहीं है. मजदूरों ने संवाद में बताया कि प्रदेश में वेज रिवीजन ना होने से जो मजदूरी दी जा रही है वह महंगाई को देखते हुए बेहद कम है और उससे परिवार का भरण पोषण करना बेहद मुश्किल होता जा रहा है. यह भी बताया कि आईटीआई, पालिटेक्निक किए कुशल मजदूरों से काम लेकर उन्हें अकुशल या अर्द्ध कुशल मजदूर की मजदूरी दी जा रही है. मजदूरों को गुड़ भी नहीं दिया जाता है. कुल मिलाकर अनपरा डी में स्थिति बेहद भयावह है और मजदूरों की अपनी जिंदगी और परिवार का भरण पोषण करने की मजबूरी का फायदा उठा अमानवीय हालातों में काम कराया जा रहा है. जो एक नागरिक के बतौर संविधान प्रदत्त मजदूरों के अधिकारों का हनन है.
ऐसी स्थिति में डीएलसी से अनुरोध किया गया कि अनपरा तापीय परियोजना के प्रबंधन को निर्देशित करें कि वह ठेका मजदूरों के विधिक अधिकारों और बुनियादी सुविधाओं को सुनिश्चित करें. जिस पर डीएलसी ने 21 मार्च को वार्ता बुलाई है. डीएलसी से वार्ता में ठेका मजदूर यूनियन के जिला अध्यक्ष कृपाशंकर पनिका व कार्यकारिणी सदस्य कृष्णा यादव और नौशाद मौजूद रहे.
दिनकर कपूर
श्रम बंधु, सोनभद्र



