भूजल संरक्षण सप्ताह के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

जल संरक्षण का लें संकल्प, एक-एक बूंद बचाने में निभाएं अपनी जिम्मेदारी
म्योरपुर/सोनभद्र(विकास अग्रहरि)
स्थानीय ब्लॉक परिसर में मंगलवार को भूजल संरक्षण सप्ताह के तहत लघु सिंचाई विभाग की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ब्लॉक प्रमुख मान सिंह गोंड और खंड विकास अधिकारी दिनेश मिश्रा के नेतृत्व में ब्लॉक कर्मियों, ग्राम प्रधानों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं और ग्रामीणों ने भूजल संरक्षण तथा वर्षा जल के अधिकतम संचयन का सामूहिक संकल्प लिया।
इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि जल प्रकृति का अनमोल उपहार है और इसके बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है। बढ़ती आबादी, अनियंत्रित भूजल दोहन और वर्षा जल के पर्याप्त संरक्षण के अभाव में भूजल स्तर लगातार नीचे जा रहा है। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में पेयजल और सिंचाई दोनों के लिए गंभीर संकट उत्पन्न हो सकता है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को पानी की एक-एक बूंद का महत्व समझते हुए जल संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी।
ब्लॉक प्रमुख मान सिंह गोंड ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित विषय नहीं, बल्कि जनभागीदारी का अभियान है। प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, खेत और गांव में वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के साथ ही जल स्रोतों की साफ-सफाई और संरक्षण में सहयोग करे तो भूजल स्तर को बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
खंड विकास अधिकारी दिनेश मिश्रा ने बताया कि भूजल संरक्षण सप्ताह के दौरान विकासखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों में जागरूकता रैलियां, शपथ कार्यक्रम और जनसंवाद आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को वर्षा जल संचयन, पानी के विवेकपूर्ण उपयोग तथा तालाबों, कुओं और अन्य पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने जल की बर्बादी रोकने, वर्षा जल का अधिकतम संचयन करने और जल स्रोतों की सुरक्षा के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को संरक्षित रखने का सामूहिक संकल्प लिया। संकल्प अवर अभियंता काशी यादव ने दिलाया।
इस मौके पर राम बहादुर सिंह, अंकित सिंह, अखिलेश कुमार, रामबृक्ष विश्वकर्मा, जीवीपीआर के जनसंपर्क अधिकारी आशीष पांडेय, अभियंता सुधीर कुमार, डीपी सिंह, राम भुवन, राम दयाल प्रजापति, रामदास, डॉ. ब्रजेश सिंह, बबन गिरी, प्रदीप जायसवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



