पेयजल समस्या से परेशान युवक हाईटेंशन खंभे पर चढ़ा, पुलिस ने समझाकर सुरक्षित उतारा

गांव में पानी की समस्या के समाधान का आश्वासन मिलने पर नीचे उतरा युवक
म्योरपुर /सोनभद्र(विकास अग्रहरि)
म्योरपुर थाना क्षेत्र के देवरी गांव में रविवार को पेयजल संकट से परेशान एक युवक हाईटेंशन बिजली के खंभे पर चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतरवाया और उसकी समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। बाद में युवक को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, देवरी गांव निवासी सोनू गुप्ता (20 वर्ष), पुत्र रामखेलावन गुप्ता, रविवार शाम करीब पांच बजे गांव में स्थित हाईटेंशन बिजली के खंभे पर चढ़ गया। युवक को खंभे पर चढ़ा देख ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही म्योरपुर थानाध्यक्ष रविकांत मिश्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने काफी देर तक युवक से बातचीत कर उसकी समस्या जानी। युवक ने बताया कि गांव में लंबे समय से पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। इस संबंध में वह कई बार ग्राम प्रधान एवं संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर चुका है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। इससे परेशान होकर उसने विरोध स्वरूप यह कदम उठाया।
पुलिस ने युवक को समझाया कि उसकी समस्या को संबंधित विभाग और ब्लॉक स्तर के अधिकारियों के संज्ञान में लाकर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। प्रशासन की ओर से उचित कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद युवक खंभे से नीचे उतरने के लिए तैयार हो गया।
थानाध्यक्ष रविकांत मिश्र ने बताया कि युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है तथा उसकी समस्या के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। युवक को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस की सूझबूझ और तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।



