जन चौपाल में गूंजीं जनता की समस्याये कनहर नहर बिजली सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं पर उठे बड़े सवाल

कोन/सोनभद्र (आनंद जायसवाल) उत्तर प्रदेश सरकार की पहल जन चौपाल सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन को पीएम राजकीय इंटर कॉलेज कोन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान के साथ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।
कार्यक्रम मे मुख्य अतिथि सदर विधायक भूपेश चौबे, विशिष्ट अतिथि राजेश प्रकाश (आईएएस), आयुक्त विंध्याचल मंडल मिर्जापुर, ब्लाक प्रमुख रूबी मिश्रा, ग्राम प्रधान कोन संतोष पासवान, प्रधान संघ अध्यक्ष लक्ष्मी कुमार जायसवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जन चौपाल में विकास खंड कोन के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याओं एवं मांगों को अधिकारियों के समक्ष रखा। ग्रामीणों ने पेयजल, बिजली, सड़क, राजस्व, आवास, पेंशन, राशन कार्ड, स्वास्थ्य एवं शिक्षा से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। जल जीवन मिशन की पाइपलाइन में लीकेज, अनियमित विद्युत आपूर्ति, जर्जर तारों, अधूरे सड़क निर्माण कार्य तथा राजस्व संबंधी मामलों के लंबित निस्तारण को लेकर लोगों ने शिकायतें दर्ज कराईं।
ग्रामीणों ने कनहर सिंचाई परियोजना के अंतर्गत बन रही नहर के निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि नहर का निर्माण निर्धारित मानकों और लेवल से नीचे किया जा रहा है। उन्होंने निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
जन चौपाल में बिजली विभाग से जुड़ी शिकायतें भी प्रमुखता से उठीं। ग्रामीणों ने झूलते तार , बार-बार बिजली कटौती, जर्जर तारों तथा खराब ट्रांसफार्मरों की समस्या का समाधान कराने की मांग की।
वहीं, कोन ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि शशांक मिश्रा ने कोन-तेलगुड़वा मार्ग का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सड़क निर्माण का कार्य अधूरा पड़ा है और शेष लगभग 18 किलोमीटर सड़क का निर्माण जल्द कराया जाए। इस पर सदर विधायक ने कहा कि जल्द ही टैंडर प्रकाशित की जाएगी। हमारे यहां कई सड़क वन विभाग ने रोक रखी है। इस पर आयुक्त राजेश प्रकाश ने कहा कि वन विभाग की एनओसी के कारण बाधित परियोजनाओं के लिए आवश्यक पहल की जाएगी तथा पटवध बसुआरी मार्ग सहित अन्य परियोजनों पर किसी भी कीमत पर विकास कार्यों को गति दी जाएगी।
ग्रामीणों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोन में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग करते हुए एमबीबीएस चिकित्सकों, महिला डॉक्टर, विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती तथा दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग रखी। वहीं शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की मांग भी उठी।
जन चौपाल के दौरान युवाओं ने कोन ब्लॉक मुख्यालय में मिनी स्टेडियम निर्माण की मांग रखी। इस पर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने बताया कि कोन ब्लॉक में मिनी स्टेडियम निर्माण की तैयारी की जा रही है, जिससे क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
अधिकारियों ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दिया गया है।



