पीडीए जन पंचायत में शामिल होंगे सांसद बाबू सिंह कुशवाहा

सोनभद्र (विकास द्विवेदी)
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पीडीए को मजबूत करने के उद्देश्य से जिले में पीडीए जन पंचायत का आयोजन किया जाएगा। मंगलवार यानि 08 सितंबर को सुबह 11 बजे राबर्ट्सगंज के चंडी तिराहा स्थित सोन पैलेस में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जन अधिकार पार्टी के संस्थापक व जौनपुर के सांसद बाबू सिंह कुशवाहा शामिल होंगे। सपा जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने बताया कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल के निर्देश पर सांसद बाबू सिंह कुशवाहा को सोनभद्र सहित फीरोजाबाद, भदोही और मिर्जापुर की विधानसभाओं में चौपाल/कैडर पंचायत के माध्यम से कार्यकर्ताओं एवं समाज के लोगों से संवाद करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी क्रम में सोनभद्र में पीडीए जन पंचायत आयोजित की जा रही है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों से लोगों को जोड़ने के साथ ही कार्यकर्ताओं और स्वजातीय जनों से उनके सुझाव एवं अपेक्षाएं भी प्राप्त की जाएंगी। इसके माध्यम से पार्टी के कार्यक्रमों और सरकार द्वारा किए गए विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों को लोगों तक पहुंचाने पर भी चर्चा होगी। जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने पार्टी के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, नेतागणों एवं स्वजातीय जनों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर इसे सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पीडीए जन पंचायत के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद और संगठन को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।



