सेवा संकल्प अभियान में लगे विभिन्न विभागों के स्टाल, ग्रामीणों को योजनाओं की दी गई जानकारी
म्योरपुर विकासखंड परिसर में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य, शिक्षा, पशु चिकित्सा व बाल विकास विभाग ने की सहभागिता
म्योरपुर/सोनभद्र (विकास अग्रहरि)
म्योरपुर। स्थानीय विकासखंड परिसर में रविवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न विभागों की ओर से जागरूकता एवं जनसहायता स्टाल लगाए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को शासन की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, सुविधाओं और सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराना रहा।
अभियान के तहत स्वास्थ्य, शिक्षा, पशु चिकित्सा, बाल विकास समेत विभिन्न विभागों के स्टाल लगाए गए। संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभ के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही ग्रामीणों की ओर से पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए उन्हें संबंधित योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया के बारे में बताया गया।
स्टालों पर ग्रामीणों की भीड़ रही। लोगों ने अपनी जरूरत के अनुसार अलग-अलग विभागों के स्टालों पर पहुंचकर योजनाओं और सरकारी सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। विभागीय कर्मचारियों ने ग्रामीणों को पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में अवर अभियंता सुमित सिंह, संतेष राय, रजनी श्रीवास्तव, विकास दुबे, राम बहादुर समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



