कांग्रेस का संविधान संवाद: सोनभद्र में गरजे अविनाश पांडेय और अजय राय, भाजपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

सोनभद्र (विकास द्विवेदी) रामगढ़ स्थित मंडी समिति मैदान में आयोजित कांग्रेस के संविधान संवाद एवं जनसभा कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनता को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
अविनाश पांडे ने कहा कि भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने सोनभद्र को “स्विट्जरलैंड” कहा था, लेकिन उत्तर प्रदेश में लंबे समय से कांग्रेस की सरकार न होने के कारण यहां के आदिवासी और स्थानीय लोग विकास योजनाओं से वंचित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आदिवासियों से जल, जंगल और जमीन के अधिकार छीने जा रहे हैं, विस्थापितों को आज तक मुआवजा नहीं मिला और जंगलों में बुलडोजर चलाकर आदिवासियों पर अत्याचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर आदिवासियों को कानून के तहत उनके पूरे अधिकार दिए जाएंगे। मनरेगा का जिक्र करते हुए पांडे ने कहा कि यूपीए सरकार के दौरान सोनिया गांधी के मार्गदर्शन और पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में मनरेगा को कानूनी रूप दिया गया, जिससे गांवों की तस्वीर बदली। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार इस योजना को खत्म करना चाहती है।
कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने यूजीसी, एसआईआर, प्रयागराज शंकराचार्य प्रकरण, वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर निर्माण कार्य, कानून व्यवस्था और सोनभद्र के खनन हादसे जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा। अजय राय ने कहा कि देश और प्रदेश में लोकतंत्र और संविधान पर सीधा हमला हो रहा है। उन्होंने कहा कि यूजीसी के माध्यम से समाज को बांटने की कोशिश की गई, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के संतुलित फैसले ने लोकतंत्र को बचाने का काम किया। प्रयागराज में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद नंद के साथ हुई घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि साधु-संत भी सरकार की तानाशाही से सुरक्षित नहीं हैं। वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर निर्माण कार्य के दौरान मूर्तियों के टूटने का मुद्दा उठाते हुए अजय राय ने आरोप लगाया कि अहिल्याबाई होल्कर की मूर्ति तोड़ी गई, और सवाल उठने पर सरकार ने इसे एआई वीडियो बताकर सच्चाई से मुंह मोड़ लिया। एसआईआर को लेकर उन्होंने कहा कि यह मताधिकार और लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश है।
15 नवंबर को सोनभद्र के बिल्ली मारकुंडी में हुए खनन हादसे का जिक्र करते हुए अजय राय ने कहा कि अब तक कोई ठोस गिरफ्तारी न होना यह साबित करता है कि सरकार खनन माफियाओं को संरक्षण दे रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 15 दिन के भीतर मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे स्वयं सोनभद्र आकर धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करेंगे। कार्यक्रम के अंत में 10 वर्ष पूर्व हुए धरना-प्रदर्शन से जुड़े मामलों में जीत हासिल करने वाले कार्यकर्ताओं को माला पहनाकर सम्मानित किया गया। इससे पहले जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के नेतृत्व में हिंदुआरी चौराहे पर राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया गया। सैकड़ों गाड़ियों के काफिले के साथ नेता रामगढ़ पहुंचे, जहां जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रामराज सिंह गोंड ने की। स्वागत भाषण शहर अध्यक्ष हाजी फरीद अहमद ने दिया और संचालन पूर्व अध्यक्ष रमेश देव पांडे ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आम जनता मौजूद रही।



